”जनता के मन में पुलिस के लिए सम्मान और अपराधियों के मन में पुलिस के लिये भय हो:” गृह मंत्री श्री साहू
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही/11 अगस्त 2020/ गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने आज कलेक्टर कार्यालय के अरपा सभाकक्ष में पुलिस विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। मंत्री साहू ने कहा कि पुलिस विभाग की कार्य शैली ऐसी होनी चाहिए कि जनता के मन में पुलिस के लिए सम्मान हो और अपराधियों के मन में पुलिस के लिए भय हो। उन्होंने अपराधों पर नियंत्रण के लिए पुलिसबल को सजग होकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस त्वरित कार्रवाई में जुट जाए तो अपराधों की गुत्थी आसानी से सुलझायी जा सकती है। इसके साथ ही जनता में पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ता है। पुलिस का व्यवहार आम नागरिकों से सम्मानजनक और सहानुभूतिपूर्ण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिले में कोरोना संक्रमण की रोकथाम में पुलिस विभाग की बेहद अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस थानों में बलवृद्धि एवं बलों की क्षमता के विकास हेतु शासन द्वारा प्रयास किया जा रहा है।। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बताया कि स्पन्दन कार्यक्रम के तहत पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के तनाव को कम करने के लिए प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को योग अभ्यास कराया जा रहा है व प्रतिदिन खेलकूद का आयोजन किया जा रहा है।बैठक में पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए अवासीय परिसर की मांग भी की गई।गृह मंत्री ने जिले में सड़क दुर्घटनाओ को रोकने के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्दश दिए।